भिंड (द चंबल पोस्ट ब्यूरो): भिंड जिले के गोहद थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। रविवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश शुक्ला के करीबी बताए जा रहे जेपी कांकर ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
रास्ते के विवाद में चली गोली
जानकारी के मुताबिक, गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के डांग गांव में रविवार को एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान गांव के गौरव गुर्जर (पुत्र लायक सिंह गुर्जर) और आरोपी जेपी कांकर के बीच गाड़ी निकालने और पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। बताया जाता है कि जेपी कांकर अपने साथियों के साथ भिंड से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।
मंत्री राकेश शुक्ला के करीबी होने का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि मुख्य आरोपी जेपी कांकर, प्रदेश सरकार में मंत्री और भिंड जिले के कद्दावर भाजपा नेता राकेश शुक्ला का बेहद करीबी रिश्तेदार है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी राजनीतिक रसूख के चलते आरोपियों ने सरेआम इस वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से गौरव खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत ग्वालियर लेकर भागे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

बेटी की विदाई से पहले उठी अर्थी
यह घटना उस वक्त हुई जब गौरव के घर (गुर्जर परिवार) में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं। मौत की खबर लगते ही गांव में मातम पसर गया। परिवार को जल्दबाजी में रस्में पूरी कर नम आंखों और डर के साये में बेटी की विदाई करनी पड़ी। जहां एक तरफ डोली उठ रही थी, वहीं दूसरी तरफ जवान बेटे के पोस्टमार्टम के लिए शव आने का इंतजार हो रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
हत्या के बाद से गुर्जर समाज में भारी आक्रोश है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर जेपी कांकर समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। गोहद चौराहा टीआई मनीष धाकड़ ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
