ग्वालियर। शहर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाका चंद्रबदनी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में मिला है। मृतक की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। घटना के वक्त बच्चे के पिता ड्यूटी पर गए थे, लेकिन जब उन्हें सूचना मिली और वे घर पहुंचे, तो बेटे को मृत पाकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सौरभ के पिता कमल सिंह केवट कैंसर अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। वे अपने 10 साल के बेटे सौरभ के साथ नाका चंद्रबदनी इलाके में रहते हैं, जबकि उनका छोटा बेटा और पत्नी दूसरे स्थान पर रहते हैं। कमल सिंह के अनुसार, रविवार का पूरा दिन उन्होंने अपने बेटे के साथ बिताया था। दोनों ने साथ में मोबाइल पर फिल्म देखी और खुश नजर आ रहे थे।
रविवार शाम जब कमल सिंह ड्यूटी पर जाने लगे, तो सौरभ ने साथ चलने की जिद की थी। पिता ने उसे यह कहकर समझाया कि थोड़ी देर में उसका दोस्त आ जाएगा और फिर वे ड्यूटी के लिए निकल गए। लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे की मौत हो गई है।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
जब पिता घर पहुंचे तो देखा कि सौरभ का शव बेड पर पड़ा था और उसके गले में रस्सी का फंदा था। ताज्जुब की बात यह थी कि वह रस्सी पास की दीवार पर लगी मात्र तीन फीट ऊंची कील से बंधी हुई थी। पिता कमल सिंह केवट ने साफ तौर पर कहा है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सौरभ की हत्या की गई है। उनका कहना है कि तीन फीट की ऊंचाई पर लगी कील से कोई बच्चा फांसी कैसे लगा सकता है?
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए झांसी रोड पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। सीएसपी हिना खान ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
