ग्वालियर (हजीरा)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे वारदात करने से पहले सोशल मीडिया पर उसे प्रचारित कर रहे हैं। हजीरा थाना क्षेत्र के कांच मिल इलाके में गुरुवार शाम एक बदमाश ने एक युवक पर गोली चला दी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने गोली चलाने से कुछ देर पहले इंस्टाग्राम पर “Coming Soon 307” (धारा 307 – हत्या का प्रयास) का स्टेटस लगाया था।
रास्ता रोककर किया विवाद, फिर चलाई गोली
जानकारी के अनुसार, कांच मिल पंजाब वाली गली निवासी मोनू उर्फ टमाटर (पुत्र धर्मेंद्र राठौर), जो एक प्राइवेट जॉब करता है, शाम करीब 6 बजे किसी काम से जा रहा था। भोले बाबा मंदिर के पास पहुँचते ही आरोपी विक्की उर्फ आदित्य सिकरवार ने उसका रास्ता रोका और विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान विक्की ने कमर से कट्टा निकाला और मोनू के पैर को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली मोनू के पैर की उंगली में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
वारदात से पहले की ‘गले लगने’ की नौटंकी
घटना के संबंध में एक दिलचस्प और हैरान करने वाला पहलू यह भी सामने आया है कि गोली चलाने से ठीक पहले आरोपी ने पीड़ित को गले लगाया था। ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी ने पीड़ित का विश्वास जीतने या उसे करीब बुलाने के लिए ऐसा किया और जैसे ही वह करीब आया, उसने अचानक कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी।
