ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी कोटेश्वर इलाके में देखने को मिली। यहाँ जेल से छूटकर आए एक बदमाश ने न केवल अवैध हथियारों के साथ दहशत फैलाया, बल्कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) के स्टाइल को कॉपी करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया।
वीडियो में फायरिंग करता दिख रहा युवक शिवांग भार्गव है, जिसने लॉरेंस बिश्नोई जैसी दिखने वाली जैकेट पहनकर अपनी ‘दहशत’ का प्रदर्शन किया है।
सोशल मीडिया पर ‘भौकाल’ जमाने की कोशिश
ग्वालियर थाना क्षेत्र के कोटेश्वर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो युवकों ने सरेआम अवैध कट्टे लहराए और फायरिंग शुरू कर दी। इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी का पहनावा थी। वीडियो में शिवांग भार्गव ठीक वैसी ही जैकेट पहने नजर आ रहा है, जैसी अक्सर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीरों और वीडियो में देखी जाती है।
ऐसा प्रतीत होता है कि बदमाश अब केवल अपराध ही नहीं कर रहे, बल्कि गैंगस्टर्स के ‘फैशन’ को अपनाकर युवाओं के बीच अपना गलत प्रभाव भी जमाना चाहते हैं। शिवांग ने खुद यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है, जो अब वायरल हो रहा है।
बिश्नोई जैकेट’ पर पुलिस की टेढ़ी नजर
शिवांग भार्गव द्वारा लॉरेंस बिश्नोई जैसी जैकेट पहनकर फायरिंग करना एक गंभीर प्रवृत्ति की ओर इशारा करता है। गौरतलब है कि देश के कई हिस्सों में पुलिस अब गैंगस्टर्स को ग्लोरिफाई (महिमामंडन) करने वाले फैशन पर भी सख्त हो गई है।
हाल ही में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस और जांच एजेंसियां उन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और दुकानदारों पर नजर रख रही हैं जो ‘बिश्नोई स्टाइल’ या गैंगस्टर्स की तस्वीरों वाली टी-शर्ट और जैकेट बेच रहे हैं। युवाओं को अपराध की दुनिया से आकर्षित होने से बचाने के लिए प्रशासन ऐसे ‘मर्चेंडाइज’ की बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई कर रहा है। ग्वालियर में भी अपराधी द्वारा इस ‘ड्रेस कोड’ का इस्तेमाल पुलिस के लिए चिंता का विषय है।
पुलिस की कार्रवाई
वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद ग्वालियर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान पुख्ता कर ली है और उनकी धरपकड़ के लिए छापामारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग कर दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
