ग्वालियर | The Chambal Post
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ भारत मार्केट के पास रहने वाले एक शराबी पति ने घरेलू कलह के चलते अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने घर में रखी कैंची से पत्नी की नाक काट दी और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया।
घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। पीड़िता का इलाज अभी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।
क्या है पूरा मामला?
महाराजपुरा पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला का नाम पूनम तोमर है। पूनम की शादी 10 साल पहले धर्मेंद्र तोमर से हुई थी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। धर्मेंद्र शराब पीने का आदि है और अक्सर नशे में घर में क्लेश करता रहता है।
विवाद के दौरान गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने पास पड़ी कैंची उठाई और पूनम के चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी नाक कट गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। खून से लथपथ पूनम को उसकी जेठानी तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचीं।

बहन का आरोप- ‘झूठ बोलकर की थी शादी’
पूनम की बहन पूजा तोमर ने आरोपी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूजा ने बताया, “धर्मेंद्र और उसके परिवार ने 10 साल पहले कई झूठ बोलकर यह शादी की थी। अब वे कहते हैं कि पूनम उन्हें पसंद नहीं है। हम यही सोचकर चुप रहे कि शादी हो गई है तो जैसे-तैसे निभ जाए।”
पूजा ने आगे बताया कि धर्मेंद्र एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है और शराब का लती है। उनकी दो बेटियां भी हैं। आरोप है कि धर्मेंद्र के साथ-साथ उसकी माँ (पूनम की सास) भी अक्सर मारपीट में साथ देती थीं। बता दें कि पूनम के ससुर विश्वनाथ सिंह का निधन लगभग एक महीने पहले ही हार्ट अटैक से हुआ था।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाने की पुलिस हरकत में आ गई है। सब इंस्पेक्टर (SI) सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को महिला की नाक धारदार हथियार से काटने की सूचना मिली थी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं।
SI श्रीवास्तव ने कहा, “आरोपी पति घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
