ग्वालियर:
ग्वालियर में ‘विकास’ की रफ़्तार इतनी तेज़ है कि वह आम जनता की नज़रों से ओझल हो गया है। शहर में दो ही चीज़ें नियमित रूप से हो रही हैं—एक ग्वालियर के विकास के लिए ‘मैराथन मीटिंग्स’ और दूसरा, आपकी गाड़ी का सस्पेंशन टूटना।
ऐसा लगता है कि ग्वालियर अब मध्य प्रदेश का नहीं, बल्कि ‘मीटिंग प्रदेश’ का हिस्सा बन गया है। महाराज (सिंधिया) आते हैं, प्रभारी मंत्री (सिलावट) आते हैं, सांसद भारत सिंह कुशवाह आते है और कलेक्ट्रेट के एसी हॉल में विकास का ऐसा नक्शा खींचा जाता है कि सुनने वाले को लगे कि बस कल सुबह उठते ही ग्वालियर ‘पेरिस’ बन जाएगा। लेकिन जैसे ही मीटिंग खत्म होती है और काफिला बाहर निकलता है, तो ‘स्मार्ट सिटी’ की सड़कें चीख-चीख कर कहती हैं— “भाई साहब, ज़रा धीरे, आगे गड्ढा नहीं, खाई है!”
बैठकों का लजीज जायका
अधिकारियों के लिए ये बैठकें किसी उत्सव से कम नहीं हैं। नेता आते हैं, सख्त निर्देश देते हैं (जो शायद मीटिंग हॉल के बाहर निकलते ही हवा में उड़ जाते हैं), और फिर अगली मीटिंग की तारीख तय हो जाती है। प्रभारी मंत्री भी आते हैं, शायद यह देखने कि शहर में पानी की लाइन फूटी है या नहीं, क्योंकि सड़कों पर तो वैसे भी बरसात के बिना ही नदियां बह रही हैं।
निष्कर्ष
ग्वालियर की जनता अब समझ चुकी है कि विकास एक ‘स्टेट ऑफ माइंड’ है। अगर आप आंखें बंद कर लें और जोर से सोचें कि “सड़क प्लेन है”, तो शायद झटके कम लगें।
फिलहाल, ग्वालियर में इंफ्रास्ट्रक्चर का हाल उस छात्र जैसा है जो साल भर पढ़ाई नहीं करता लेकिन एग्जाम (चुनाव) से पहले पूरी रात जागकर टॉप करने का दावा करता है। नेता जी आ रहे हैं, बैठकें हो रही हैं, और हम ग्वालियर वाले—मुंह पर गमछा बांधे, धूल फांकते हुए—सिर्फ यही सोच रहे हैं कि “अगली मीटिंग में शायद गड्ढों को भरने का नहीं, बल्कि उन्हें ‘हेरिटेज’ घोषित करने का फैसला हो जाए।”
तब तक, हेलमेट पहनिए और भगवान का नाम लीजिए। यह ग्वालियर है, यहाँ विकास ‘अंडर प्रोसेस’ है… और शायद हमेशा रहेगा।
