द चम्बल पोस्ट | क्राइम रिपोर्ट
ग्वालियर। शहर में अवैध गतिविधियों और जुए के फड़ के खिलाफ ग्वालियर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन छापों में करीब 35 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। सबसे बड़ी कार्रवाई मुरार थाना क्षेत्र में हुई, जहां भरी दोपहरी में जुआ खेला जा रहा था।
मुरार: बजाज खाना में 33 हजार के साथ 11 पकड़े गए
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरार के बजाज खाना इलाके में बड़े पैमाने पर जुए का फड़ सजा हुआ है और यहां लोग बड़ी रकम का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक हरवीर सिंह यादव और पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया। घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 33,000 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।
मनोरंजन का बहाना नहीं चला
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पुलिस को सफाई दी कि वे केवल मनोरंजन के लिए पत्ते खेल रहे थे। इस पर पुलिस ने सख्ती से पूछा कि अगर यह मनोरंजन था, तो खेल में रुपयों का क्या काम? इसके बाद किसी के पास कोई जवाब नहीं था। बाद में पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें थाने से जमानत पर रिहा किया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम
पुलिस की गिरफ्त में आए जुआरियों में मोनू शिवहरे, अमित अरोड़ा, विष्णु गुप्ता, रिंकू शर्मा, नितिन उर्फ कालू साहू, नितिन श्रीवास, नरेश बघेल, अभिजीत गौर, सूरज सिंह बघेल, सोनू उर्फ अशफाक खान और कपिल अग्रवाल शामिल हैं।
राजामंडी: तुलसीदास की समाधि के पास अंधेरे का फायदा उठा रहे थे जुआरी
दूसरी कार्रवाई शहर के राजामंडी इलाके में हुई। यहां तुलसीदास की समाधि का सहारा लेकर और रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने दबिश देकर यहां से 5 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा।
इनके पास से पुलिस ने 1,560 रुपये जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में मोनू उर्फ मोटी मांझी, मनोज मांझी, देव शाक्य, अभय माहौर और हीरालाल बाथम शामिल हैं।
