मुरैना | द चंबल पोस्ट
चंबल अंचल के मुरैना जिले में आज एक शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में आज बारात आनी थी, वहां अब दो अर्थियां उठ रही हैं। जौरा विकासखंड के तिलऊंआ गांव में शादी वाले दिन ही दुल्हन ने अपने प्रेमी (जो रिश्ते में उसका चचेरा भाई लगता था) के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव गांव के बाहर एक नीम के पेड़ पर एक ही दुपट्टे से लटके मिले।
शादी के दिन खौफनाक कदम
तिलऊंआ गांव के रहने वाले चंद्रपाल कुशवाह की 19 वर्षीय बेटी भारती कुशवाह की आज शादी होनी थी। घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और मुरैना के डाबी का पुरा गांव से बारात आने ही वाली थी। दूल्हा गोलू कुशवाह बारात लाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही भारती ने अपने प्रेमी रवि कुशवाह (22 वर्ष) के साथ मिलकर मौत को गले लगा लिया।
चचेरे भाई से था प्रेम, परिवार था खिलाफ
पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतका भारती और मृतक रवि दोनों एक ही परिवार के थे और रिश्ते में चचेरे भाई-बहन लगते थे। दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे, लेकिन ‘भाई-बहन’ का रिश्ता होने के कारण परिजनों को यह मंजूर नहीं था। इसी वजह से भारती की शादी कहीं और तय कर दी गई थी, जिससे नाराज होकर दोनों ने यह कदम उठाया।
एक ही दुपट्टे के दो छोर और शगुन का कंगन
घटनास्थल का मंजर बेहद दर्दनाक था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने एक ही दुपट्टे के अलग-अलग छोर से फांसी का फंदा बनाया था। एसडीओपी (SDOP) जौरा नितिन बघेल ने बताया कि मृतका के हाथ में अभी भी शादी का ‘शगुन का कंगन’ बंधा हुआ था। पुलिस ने दोनों के शवों को जौरा मर्चुरी भिजवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल दोनों के परिजन कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
