ग्वालियर:
सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले आरोपी योगेश गुप्ता के मामले में पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। जिसमें पुलिस अब आरोपी के डिजिटल डिवाइस (लैपटॉप और मोबाइल) की डीप जाँच के साथ-साथ पीड़ित महिलाओं से संपर्क साध रही है
संपर्क नंबरों के जरिए महिलाओं तक पहुँच रही पुलिस
पुलिस की शुरुआती जाँच में सामने आया है कि आरोपी योगेश गुप्ता (निवासी सारिका नगर, सिटी सेंटर, ग्वालियर) पानी का प्लांट चलाता है और वह सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। आरोपी 40 से 50 वर्ष की विधवा, तलाकशुदा और अविवाहित महिलाओं से दोस्ती करता था और वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक हरकतें करवाकर स्क्रीन रिकॉर्डर या स्पाई कैमरे से रिकॉर्डिंग कर लेता था। उसके मोबाइल से MP और UP के अलग-अलग शहरों की महिलाओं के 50 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इन पीड़िताओं में एक महिला ASI, डॉक्टर और साध्वी भी शामिल हैं। अब पुलिस मोबाइल से मिले संपर्क नंबरों के आधार पर संबंधित महिलाओं से संपर्क कर रही है।
झाँसी की महिला दर्ज कराएगी औपचारिक शिकायत
इस सनसनीखेज मामले में एक नया अपडेट सामने आया है कि झाँसी की एक महिला ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की सहमति दे दी है। रविवार रात उसके ग्वालियर पहुँचने के बाद पुलिस इस मामले में पुख्ता एफआईआर (FIR) दर्ज कर सकती है। सीएसपी रवि भदौरिया ने जानकारी दी है कि स्थानीय संगठन की सूचना पर आरोपी को पकड़ा गया था। संगठन के पदाधिकारियों को एक महिला कार्यकर्ता ने योगेश की गतिविधियों की जानकारी दी थी, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने उसे मिलने के बहाने बुलाकर पकड़ लिया और मोबाइल की जाँच के बाद विश्वविद्यालय पुलिस के हवाले कर दिया था
ब्लैकमेलिंग के एंगल पर जाँच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद आरोपी महिलाओं पर किसी प्रकार का दबाव बनाता था या उनसे पैसों की मांग करता था। आरोपी के लैपटॉप में मिले डेटा को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िताओं के बयान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
