ग्वालियर-चंबल अंचल की सियासत में पोस्टरों की डिजाइन और मंचों की तस्वीरें अक्सर केवल औपचारिकता नहीं होतीं, बल्कि आने वाले सियासी बदलावों का मौन संकेत मानी जाती हैं। हाल ही में सावन के महीने में पूर्व विधायक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामबरन सिंह गुर्जर द्वारा आयोजित रुद्राभिषेक और शिव पूजन कार्यक्रम ने अंचल के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
इस धार्मिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी और मंच पर उनका हुआ भव्य स्वागत लोगों की निगाहों में रहा। लेकिन इस कार्यक्रम से इतर सोशल मीडिया और पोस्टरों की बदलती जुगलबंदी ने भी कई राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
पोस्टरों की बनावट में दिखा बड़ा बदलाव
हालिया दिनों में जारी किए गए दो अलग-अलग पोस्टरों का बारीकी से विश्लेषण करें, तो एक साफ बदलाव नजर आता है:

पहला पोस्टर (वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौड़ जयंती): इस पोस्टर में ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर दोनों की तस्वीरें निचले हिस्से में रामबरन सिंह गुर्जर के साथ लगभग समान आकार और समानांतर स्थान पर दिखाई दे रही थीं।

दूसरा पोस्टर (केंद्रीय वित्त मंत्री को शुभकामना संदेश): इस पोस्टर में नरेंद्र सिंह तोमर की तस्वीर को प्रमुखता के साथ बड़े आकार में नीचे जगह दी गई है, जबकि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर को शीर्ष पंक्ति (टॉप रो) में अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रख दिया गया है।
महल’ के पुराने वफादार माने जाते रहे हैं रामबरन
रामबरन सिंह गुर्जर की गिनती दशकों से सिंधिया राजघराने और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेहद करीबी वफादारों में होती रही है। वर्ष 2020 के सियासी घटनाक्रम के दौरान जब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा था, तब उनके साथ मजबूती से खड़े रहने वाले नेताओं में रामबरन सिंह गुर्जर भी प्रमुख थे। ऐसे में अचानक नरेंद्र सिंह तोमर के साथ बढ़ती नजदीकियों और पोस्टरों में सिंधिया की जगह में आए इस फेरबदल को सियासी जानकारों द्वारा नए समीकरणों के तौर पर देखा जा रहा है।
संतुलन या नए समीकरण की शुरुआत?
राजनीतिक विश्लेषकों का एक धड़ा इसे भाजपा के भीतर अपने प्रभाव को संतुलित करने और क्षेत्रीय संतुलन साधने की सामान्य कवायद मान रहा है। जानकारों का कहना है कि पार्टी के भीतर वरिष्ठ नेताओं के साथ संबंध मजबूत करना हर सक्रिय राजनेता की रणनीति का हिस्सा होता है। वहीं, दूसरा पक्ष इसे अंचल में नए ध्रुवीकरण और ‘महल’ से धीरे-धीरे बढ़ती दूरी के संकेत के रूप में देख रहा है।
अब यह केवल एक सामान्य सांगठनिक मेल-मिलाप है या आने वाले दिनों में चंबल की राजनीति में किसी बड़े फेरबदल की शुरुआत, यह तो भविष्य के घटनाक्रम ही तय करेंगे।
