ग्वालियर शहर के सिटी सेंटर स्थित न्यू सारिका नगर इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दोस्ती की आड़ में महिलाओं के अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान योगेश गुप्ता के रूप में हुई है, जो पानी का प्लांट चलाता है।
स्पाई कैमरे और स्क्रीन रिकॉर्डर से बनाता था वीडियो
प्राथमिक जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से 40 से अधिक महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए गए हैं। पुलिस इस बात की गहराई से जाँच कर रही है कि इन वीडियो को किस परिस्थिति में और किन तरीकों से रिकॉर्ड किया गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वीडियो बनाने के लिए स्पाई कैमरे और स्क्रीन रिकॉर्डर का इस्तेमाल किए जाने का अंदेशा जताया जा रहा है।
40 से 50 वर्ष की महिलाएं हैं शिकार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल में मिले वीडियो 40 से 50 वर्ष की उम्र की महिलाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं। इनमें से अधिकांश महिलाएं तलाकशुदा बताई जा रही हैं। हालांकि, पुलिस की विस्तृत जाँच और तकनीकी विश्लेषण के बाद ही वीडियो की सटीक संख्या, पीड़ित महिलाओं की पहचान और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
सामाजिक संगठन की सूचना पर हुई कार्रवाई
इस पूरे मामले का खुलासा एक स्थानीय सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं की मुस्तैदी और सूचना पर हुआ। संगठन के पदाधिकारियों (भगवती शुक्ला और मुकेश शर्मा) को एक महिला कार्यकर्ता ने जानकारी दी थी कि योगेश गुप्ता नामक युवक महिलाओं से दोस्ती कर उनके अंतरंग और निजी पलों के वीडियो बना रहा है। इसके बाद संगठन के लोगों ने एक योजना के तहत बातचीत कर युवक को मिलने के लिए बुलाया और उसे पकड़कर विश्वविद्यालय थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस कर रही है मामले की व्यापक जाँच
विश्वविद्यालय थाने के सीएसपी रवि भदौरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन वीडियो का इस्तेमाल किसी को ब्लैकमेल करने या दबाव बनाने के लिए तो नहीं किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोबाइल में मिले संपर्क नंबरों की एक सूची तैयार की है। महिला पुलिस अधिकारियों के माध्यम से इन सभी संबंधित महिलाओं से संपर्क किया जाएगा ताकि उनके बयान दर्ज किए जा सकें और उन्हें पूरी सुरक्षा एवं सहायता प्रदान की जा सके।
