ग्वालियर: सिस्टम की लापरवाही जब हद पार कर जाती है, तो उसकी कीमत किसी की सेहत और जिंदगी को चुकानी पड़ती है। ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद एक कैंसर पीड़ित कैदी के इलाज में बरती गई भारी कोताही ने न सिर्फ हाईकोर्ट को सख्त रुख अपनाने पर मजबूर किया, बल्कि पुलिस महकमे के भीतर भी बड़ा हड़कंप मचा दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर सेंट्रल जेल में निरुद्ध बंदी नरहरि गंभीर रूप से कैंसर पीड़ित है और उसका इलाज दिल्ली स्थित AIIMS में चल रहा था। डॉक्टरों ने 4 दिसंबर 2025 को जांच के बाद उसे 12 मार्च 2026 को फॉलोअप के लिए बुलाया था। जेल प्रशासन का आरोप है कि बंदी को दिल्ली ले जाने के लिए सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने हेतु 10 मार्च से 3 नवंबर 2026 के बीच रक्षित निरीक्षक (RI) को 34 बार पत्र लिखे गए, लेकिन सुरक्षा बल नहीं मिल सका। नतीजतन, बंदी समय पर एम्स नहीं पहुंच पाया और उसका अहम फॉलोअप छूट गया।
हाईकोर्ट में सख्ती और SSP की मौजूदगी
मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो सुनवाई के दौरान पुलिस और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए। बताया जा रहा है कि सुनवाई के दौरान ग्वालियर SSP धर्मवीर सिंह यादव को कोर्ट में करीब 6 घंटे तक खड़े रहना पड़ा। अदालत ने बंदी के स्वास्थ्य और जीवन के अधिकार को लेकर कड़ा रुख अपनाया।
फाइल अटकी रही, दो पुलिसकर्मी निलंबित
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जेल प्रशासन के पत्र पुलिस लाइन तक पहुंचे जरूर, लेकिन आरक्षक देवेंद्र भदौरिया ने फाइल आगे नहीं बढ़ाई, वहीं रक्षित निरीक्षक (RI) रणजीत सिंह सिकरवार ने भी अपने दायित्व का निर्वहन नहीं किया। इस लापरवाही पर SSP धर्मवीर सिंह ने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन से अटैच कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं और 7 दिन में रिपोर्ट तलब की गई है।
