ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक मनचले की लगातार छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान होकर 15 वर्षीय छात्रा ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया है। लधेड़ी इलाके में हुई इस घटना में आरोपी पिछले पांच महीनों से छात्रा को प्रताड़ित कर रहा था, जिसके डर से उसने पिछले तीन महीने से अपनी पढ़ाई छोड़ दी है। मामला जून 2026 से 23 नवंबर 2026 के बीच का है, जिसमें अब पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दादी के साथ न होने पर रोकता था रास्ता
पुलिस को दी गई शिकायत में निजी स्कूल की कक्षा 9वीं की छात्रा ने बताया कि उसे स्कूल लाने और ले जाने के लिए रोजाना उसकी दादी साथ जाती थीं। हालांकि, जिस दिन किसी कारणवश दादी साथ नहीं होती थीं, उस दिन लधेड़ी में ही रहने वाला प्रिंस मांझी (पुत्र प्रभुदयाल बाथम) उसका रास्ता रोक लेता था। आरोपी छात्रा के साथ अश्लील बातें करता, सरेराह उसके गले में हाथ डालकर गलत तरीके से छूने की कोशिश करता और अपने साथ भाग चलने का दबाव बनाता था। इन हरकतों से घबराकर छात्रा ने घर से निकलना और स्कूल जाना बंद कर दिया।
12 साल की बच्ची के जरिए भिजवाया मोबाइल, दी खौफनाक धमकी
आरोपी की हिमाकत यहीं नहीं रुकी। 13 नवंबर की शाम प्रिंस ने छात्रा के घर में रहने वाले किरायेदार की 12 वर्षीय बेटी के हाथ एक की-पैड मोबाइल फोन भिजवाया। इसके महज पांच मिनट बाद ही उस फोन पर प्रिंस का कॉल आया। उसने छात्रा को फोन संभालकर रखने और रोज बात करने को कहा। साथ ही उसने धमकी दी कि अगर वह उससे बात नहीं करेगी, तो वह उसकी बहनों को जान से मरवा देगा। डरी-सहमी छात्रा ने तुरंत वह मोबाइल और सिम तोड़ दी और अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
शिकायत करने पर आरोपी के पिता ने भी दी धमकी
इसके बाद जब पीड़िता की बड़ी बहनें मंदिर जा रही थीं, तो आरोपी रास्ते में फिर मिल गया और विरोध करने पर उन्हें भी धमकाने लगा। परेशान होकर 19 नवंबर को छात्रा के पिता ने आरोपी के पिता प्रभुदयाल को फोन कर बेटे की करतूतों की शिकायत की। लेकिन बेटे को समझाने के बजाय आरोपी के पिता ने उल्टा धमकाते हुए कहा, “मैं क्या कर सकता हूं, तुम जो कर सकते हो कर लो।”
पुलिस ने दर्ज किया मामला
ग्वालियर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आखिरकार 23 नवंबर को पीड़िता अपने माता-पिता के साथ ग्वालियर थाने पहुंची और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रिंस मांझी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।
