शिवपुरी (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में दुल्हन के गृह प्रवेश की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब चार अर्थियां उठेंगी। टोंगरा रोड पर एक बेकाबू ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया, जिससे उसमें बैठे नवविवाहित जोड़े (दूल्हा-दुल्हन) समेत परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
खुशियां मातम में बदली: मंदिर में हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य (25) की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की राजेश्री शाक्य से हुई थी। दोनों ने संजय कॉलोनी के एक मंदिर में परिवार की मौजूदगी में सात फेरे लिए थे। शनिवार को वीरेंद्र अपनी पत्नी, मां अन्वेश शाक्य (50), भाभी राजो शाक्य (22) और बहन भूरिया शाक्य के साथ ऑटो से अपने गांव राजगढ़ के लिए रवाना हुए थे।

कैसे हुआ हादसा?
हादसा सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। ऑटो चालक ने कुछ देर के लिए वाहन रोका था। इस दौरान ड्राइवर और दूल्हे की बहन पास की एक दुकान पर गए थे। तभी अचानक दोपहर करीब 12 बजे मुर्गी दाने से भरा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक आया और सीधे ऑटो पर पलट गया। ऑटो में बैठे दूल्हा-दुल्हन, मां और भाभी ट्रक के भारी मलबे के नीचे दब गए।
JCB से निकाले गए शव, बहन की ‘लगन’ आज होनी थी
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक को हटाने के लिए तत्काल JCB मशीन बुलानी पड़ी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य (जो ऑटो से नीचे उतरने के कारण बच गई) की लगन की रस्म आज ही राजगढ़ गांव में होनी थी। परिवार दुल्हन की विदाई के साथ-साथ इस उत्सव की तैयारी में जुटा था, लेकिन काल के क्रूर प्रहार ने सब कुछ खत्म कर दिया
