ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मुरार थाना क्षेत्र के महेशपुरा में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की नाक दांतों से काटकर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं
मिली जानकारी के अनुसार, महेशपुरा निवासी हरवीर सिंह उचारिया के चचेरे भाई की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। घर में मेहमानों की भीड़ और खुशी का माहौल था, तभी ताऊ का बेटा ऋषिकेश अचानक अपनी ही मां और बहन के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा।
बीच-बचाव करने पर हुआ जानलेवा हमला
जब हरवीर सिंह ने बीच-बचाव करने और ऋषिकेश को समझाने की कोशिश की, तो आरोपी ने अपना आपा खो दिया। ऋषिकेश ने हरवीर पर हमला कर उसे सड़क पर पटक दिया और क्रूरता की हदें पार करते हुए हरवीर की नाक को दांतों से चबा डाला। पीड़ित लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायल हरवीर को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी ऋषिकेश की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है और दावा किया जा रहा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
