ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बुलेट सवार युवक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षक के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि सरेआम उसे थप्पड़ मारकर फरार हो गया। आरोपी खुद को ‘गौरव दुबे’ बता रहा था और पुलिस को अपना रसूख दिखाकर लगातार धमकाता रहा। पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। पड़ाव थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास डायल-112 की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बुलेट नंबर MP 07 ZU 3999 पर सवार होकर एक युवक वहां पहुंचा। चेकिंग पॉइंट पर मौजूद आरक्षक भारत सिंह और एएसआई श्यामवीर सिंह ने जब उसे रोका, तो वह उलझ गया।
मुझे जानते नहीं हो, जान से मार दूंगा”
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, बुलेट चालक ने रुकते ही पुलिसकर्मियों से बदतमीजी शुरू कर दी। उसने एएसआई श्यामवीर सिंह से उनका नाम पूछा और चिल्लाते हुए कहा, “तुम्हें चेकिंग करने का क्या अधिकार है? तुम लोग मुझे जानते नहीं हो, मैं गौरव दुबे हूँ।” जब आरक्षक भारत सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और अचानक चेहरे पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
पुलिस को चकमा देकर फरार
थप्पड़ मारने के बाद आरोपी मौके से अपनी बुलेट लेकर भाग निकला। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही पुलिस ने उसका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह चेतकपुरी इलाके में गायब हो गया। पुलिस ने जब आरोपी के बताए पते (मकान नंबर J-22, चेतकपुरी) पर दबिश दी, तो वह वहां से भी फरार मिला। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
आहत पुलिसकर्मी ने कहा- ‘ऐसे कैसे ड्यूटी करेंगे’
पीड़ित आरक्षक भारत सिंह इस घटना से काफी आहत हैं। उन्होंने पड़ाव थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि लोगों के सामने इस तरह की अभद्रता से मनोबल गिरता है। टीआई शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि गाड़ी नंबर और नाम के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार सर्चिंग की जा रही है।
