मुरैना में विश्वासघात की रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: 4 महीने तक भरोसे का नाटक रचा, सिगरेट के बहाने बाहर बुलाया और फिर 5 लाख की राइफल से कर दिया ‘द एंड’।


मुरैना (मध्य प्रदेश): कहते हैं दुश्मन का वार तो इंसान झेल लेता है, लेकिन जब खंजर किसी अपने के हाथ में हो, तो बचने की कोई उम्मीद नहीं रहती। मुरैना के होलापुरा निवासी कृष्णा गुर्जर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। जिस दोस्त पर कृष्णा ने आंख बंद करके भरोसा किया, जिसे अपना सबसे बड़ा विश्वासपात्र माना, वही उसकी मौत का सौदागर निकला। मुरैना के हरविलास पैलेस मैरिज गार्डन के बाहर हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने न सिर्फ शहर को दहला दिया है, बल्कि दोस्ती और भरोसे जैसे शब्दों को भी शर्मसार कर दिया है।
भरोसे का जाल: 4 महीने तक रचा दोस्ती का झूठा नाटक
इस खूनी खेल का मास्टरमाइंड जनकपुर निवासी भानू गुर्जर था, जिसकी कृष्णा से एक साल पुरानी रंजिश थी। साल 2025 में कृष्णा द्वारा भानू को पीटने का एक वीडियो वायरल हुआ था और भानू पर आबकारी एक्ट का केस भी दर्ज हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए वह अंदर ही अंदर सुलग रहा था।
कृष्णा तक पहुंचना आसान नहीं था, इसलिए भानू ने एक शातिर चाल चली। उसने अपने ही गांव जनकपुर के युवक धीरज गुर्जर को कृष्णा के करीब भेजा। धीरज ने न सिर्फ कृष्णा का दिल जीता, बल्कि चार महीने पहले उसे जनकपुर तक यह कहकर ले आया कि “देखते हैं कृष्णा का कौन क्या बिगाड़ेगा”। इस एक बात ने कृष्णा का दिल जीत लिया और वह धीरज पर जान छिड़कने लगा। बेचारे कृष्णा को क्या पता था कि वह अपने ही कातिल को सीने से लगाए बैठा है।
सिगरेट का बहाना और मौत का तांडव
सोमवार की रात हरविलास पैलेस में खुशियों का माहौल था, लेकिन बाहर मौत घात लगाए बैठी थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ कैद हुआ है कि कैसे विश्वासपात्र धीरज ने ही फोन करके भानू और श्यामवीर को कृष्णा की पल-पल की लोकेशन दी।

कृष्णा के भतीजे जोगेंद्र के मुताबिक, आरोपी बंटी ने कृष्णा को सिगरेट पीने के बहाने गार्डन से बाहर बुलाया। बंटी और एक अन्य आरोपी के बीच चलते हुए कृष्णा बाहर निकला, और ठीक पीछे राइफल लेकर उसका ‘खास दोस्त’ धीरज चल रहा था। बाहर निकलते ही बंटी ने कृष्णा की गर्दन दबोच ली। इसके बाद भानू ने धौलपुर से 5 लाख रुपये में खरीदी गई नई 306 राइफल से पहली गोली कृष्णा पर दाग दी। कृष्णा कुछ समझ पाता, उससे पहले ही पीछे से दौड़कर आए गद्दार दोस्त धीरज ने दूसरी गोली चला दी। हमलावरों ने कुल 6 गोलियां कृष्णा के शरीर में उतार दीं, जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। हैरानी की बात यह है कि 4 दिन पहले भी एक शादी समारोह में कृष्णा को मारने की साजिश रची गई थी, लेकिन तब टाइमिंग गलत होने से उसकी जान बच गई थी।
सड़कों पर फूटा गुस्सा: हाईवे जाम और तोड़फोड़

मंगलवार सुबह जब कृष्णा का शव पोस्टमार्टम के बाद बाहर आया, तो परिजनों और ग्रामीणों का सब्र टूट गया। अपनों को खोने का दर्द और धोखे का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। परिजनों ने एंबुलेंस के सामने बैठकर आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने, उनके शस्त्र लाइसेंस रद्द करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व लाइसेंस देने की मांग की। करीब 20 मिनट तक हाईवे जाम रहा। आक्रोशित भीड़ ने सरायछौला थाने के पास स्थित आरोपी बल्लो गुर्जर के भाई की दुकान में भी तोड़फोड़ कर दी। बाद में सीएसपी कवींद्र चौहान के आश्वासन पर मामला शांत हुआ और कृष्णा का अंतिम संस्कार किया गया।
कांग्रेस नेता समेत 12 पर केस, पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी भानू गुर्जर, धीरज गुर्जर, बंटी गुर्जर, श्यामवीर गुर्जर, जोगेंद्र गुर्जर, बल्लो गुर्जर, कल्ला गुर्जर और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के नाती व कांग्रेस नेता केपी कंसाना समेत 9 नामजद और 3 अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, केपी कंसाना और बल्लो ने वीडियो जारी कर खुद को बेकसूर बताया है, लेकिन मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने साफ कर दिया है कि वीडियो का कोई महत्व नहीं है और जांच में सच सामने आकर रहेगा।
