
मुरैना। शहर के अंबाह बाईपास स्थित हरिविलास पैलेस के बाहर सोमवार रात करीब 10 बजे हिस्ट्रीशीटर कृष्णा गुर्जर (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने कृष्णा के पांव और सिर में करीब 5 गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या का आरोप जनकपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर बदमाश भानू गुर्जर और श्यामवीर गुर्जर पर लगा है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पिछले एक साल से पुरानी रंजिश चल रही थी।
घात लगाकर बैठे थे आरोपी
होलापुरा निवासी कृष्णा गुर्जर (पुत्र सुल्तान गुर्जर) सोमवार को मसूरपुर निवासी हरी सिंह कंसाना के यहां शादी समारोह में शामिल होने हरिविलास पैलेस आया था। आरोपियों को पहले से खबर थी कि कृष्णा शादी में आने वाला है, इसलिए वे मैरिज होम के बाहर घात लगाकर बैठे थे। समारोह के बाद कृष्णा अपने साथी भूरा, ऑफिसर और एक अन्य युवक के साथ बाहर निकला। जैसे ही वह साथियों से थोड़ा आगे बढ़ा, छिपे हुए आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया आंखों देखा हाल
घटना के समय कृष्णा के साथ मौजूद युवक ऑफिसर ने बताया कि वे लोग मैरिज गार्डन से बाहर आ रहे थे। कृष्णा उनसे आगे निकलकर कुछ लड़कों से बात करने लगा, तभी वहां छिपे श्यामवीर और भानू ने उस पर गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक वे कृष्णा के पास पहुंचे, आरोपी भाग चुके थे।
हत्या के 15 मिनट बाद सोशल मीडिया पर डाला स्टेटस

वारदात को अंजाम देने के करीब 15 मिनट बाद रात 10:37 बजे आरोपी भानू गुर्जर ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर एक स्टेटस लगाया। उसने श्यामवीर को टैग करते हुए अपनी फोटो लगाई और उस पर ‘दी एंड’ (The and) लिखा। इसके बैकग्राउंड में अभिनेता राजकुमार का डायलॉग सेट किया गया था— “हम ये जंग स्वीकार करते हैं। ये जंग तब तक चलती रहेगी, जब तक तुम्हें यह मालूम न हो जाए कि एक शरीफ आदमी की शराफत को झकझोरना कितना भारी पड़ता है।”
एक साल पहले हुई मारपीट से शुरू हुई थी दुश्मनी
बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले कृष्णा गुर्जर ने भानू गुर्जर के साथ मारपीट की थी। इसी घटना के बाद से भानू और उसके साथी श्यामवीर की कृष्णा से तनातनी चल रही थी। हरिविलास पैलेस के सामने ही शिवनगर मोहल्ला है, जहां आरोपियों के अन्य बदमाश साथी रहते हैं। आशंका है कि इस वारदात में उनके साथियों ने भी मदद की है।
मृतक और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
मृतक कृष्णा गुर्जर: कृष्णा पर सरायछोला, कोतवाली मुरैना, सिविल लाइन मुरैना, कोतवाली धौलपुर, माधौगंज (ग्वालियर) और सतनबाड़ा (शिवपुरी) थानों में हत्या के प्रयास व मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। 7 मई 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता केपी कंसाना के साथ मारपीट और हेतमपुर फायरिंग मामले में भी वह आरोपी था। वह जमानत पर बाहर था और काफी समय से सामान्य जीवन जी रहा था।
आरोपी श्यामवीर और भानू: दोनों आदतन अपराधी हैं। इन्होंने 2 दिसंबर 2025 को जनकपुर में ग्वालियर की महाराजपुर पुलिस पर हमला कर सिपाही अनिल तोमर को गोली मारी थी। इसके अलावा 21 अक्टूबर 2025 को जनकपुर में परीक्षित व उसके बेटों पर फायरिंग और 19 अक्टूबर 2023 की रात गोपालपुरा में भूरा गुर्जर को गोली मारने के मामले में भी दोनों शामिल रहे हैं।
मामले में मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों की जानकारी जुटा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
