ग्वालियर। शादियों में अक्सर छोटे-मोटे हंसी-मजाक और नोकझोंक देखने को मिलती है, लेकिन ग्वालियर में एक ऐसा मामला सामने आया है जहाँ शादी की रस्मों के दौरान शुरू हुआ विवाद अस्पताल और थाने तक पहुँच गया। यहाँ ‘हवन की लकड़ी’ को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों (दूल्हा और दुल्हन) के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
पंडितजी के तंज से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरैना निवासी विकास बघेल (19) अपने मौसी के लड़के की बारात में ग्वालियर आया था। 20 अप्रैल को विवाह की रस्में चल रही थीं। हवन के दौरान पंडित ने विकास से हवन के लिए लकड़ी तोड़कर लाने को कहा। जब विकास से लकड़ी नहीं टूटी, तो पंडित ने उस पर तंज कसते हुए कहा, “अगर लकड़ी नहीं तोड़ पा रहे हो तो जिंदगी में क्या करोगे?”
गाली-गलौज से शुरू हुई मारपीट
पंडित की बात पर विकास ने पलटकर जवाब दिया कि “आप अपना काम कीजिए।” इसी बात को लेकर वहां मौजूद लड़की पक्ष के अंकित, गोलू और सौरभ बघेल ने विकास के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब विकास ने इसका विरोध किया, तो अंकित ने डंडे से उस पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए बड़े भाई का सिर फोड़ा
झगड़ा यहीं नहीं रुका, जब विकास के बड़े भाई आकाश उसे बचाने आए, तो उन पर भी पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। वहीं, लड़की के ताऊ के बेटे सतीश पाल ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान दूल्हे के मौसी के लड़के ने पंडित को भी अपशब्द कहे थे। जब लड़की पक्ष के भाइयों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो विनय नामक युवक ने ईंट से हमला कर दिया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस हिंसक झड़प के बाद शादी की खुशियां काफूर हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ग्वालियर पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों और आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
