ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे व्यापारियों को सरेराह अपना निशाना बना रहे हैं। हजीरा थाना क्षेत्र के पीतांबरा धर्मकांटे पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक को न केवल बंधक बनाया गया, बल्कि पिस्टल की नोक पर उनके साथ अमानवीय कृत्य (कुकर्म) कर उसका वीडियो भी बनाया गया।
लेनदेन के बहाने बुलाया और बनाया बंधक
पीड़ित व्यापारी, जो गोला का मंदिर क्षेत्र के रहने वाले हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से आरोपी ओमकार सिंह उर्फ भूरे सिकरवार को जानते थे। 15 अप्रैल को ओमकार ने उन्हें पैसों के पुराने लेनदेन को सुलझाने के बहाने पीतांबरा धर्मकांटे पर बुलाया। जैसे ही व्यापारी वहां पहुंचे, ओमकार और उसके साथियों (इंद्रपाल सिंह तोमर, जितेन्द्र सिकरवार और गौरी यादव) ने उन्हें घेर लिया।
पिस्टल दिखाकर कराया कुकर्म और वीडियो शूट
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने व्यापारी को बंधक बनाकर उनके साथ पिस्टल की नोक पर ओरल सेक्स जैसा घृणित कार्य किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और उनके मित्र के खिलाफ अपशब्द कहलवाए। आरोपियों ने व्यापारी के बेटे के सामने ही उनके साथ मारपीट की ताकि वह डर कर उनकी हर बात मान ले।
30 लाख के चेक और ऑनलाइन वसूले पैसे
बदमाशों ने व्यापारी को डरा-धमकार कर 10-10 लाख रुपये के तीन ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके अलावा, शराब के लिए पैसे न होने पर व्यापारी से उनके बेटे को फोन करवाकर क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पेमेंट भी करवाया गया। करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद बदमाशों ने उन्हें रात 9 बजे छोड़ा।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित ने हजीरा थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। सीएसपी महाराजपुरा, नागेन्द्र सिंह सिकरवार के अनुसार, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
