नई दिल्ली/ग्वालियर:
राजधानी दिल्ली और एनसीआर (Delhi-NCR) को ग्रेनेड हमलों और टारगेट किलिंग से दहलाने की एक खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी भर्ती
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह (43) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन युवकों को सोशल मीडिया के जरिए जाल में फंसाया गया था। सबसे पहले ‘राणा भाई’ नामक एक व्यक्ति ने राजवीर को गैंग से जोड़ा, जिसके बाद राजवीर ने विवेक को भी इस काले कारोबार में शामिल कर लिया।
हथियार लाने भेजे गए थे अहमदाबाद
पुलिस के अनुसार, इन दोनों आरोपियों को मार्च महीने में हथियार लाने के लिए अहमदाबाद भेजा गया था। इन हथियारों और ऑपरेशन के लिए सारा पैसा पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने ही उपलब्ध कराया था। इनका मुख्य मकसद दिल्ली-एनसीआर में प्रमुख ठिकानों पर ग्रेनेड हमले करना और टारगेट किलिंग को अंजाम देना था।
एमपी पुलिस को नहीं लगी भनक
दिल्ली पुलिस की इस गुप्त और त्वरित कार्रवाई ने मध्य प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी साजिश के तार ग्वालियर और डबरा से जुड़े होने के बावजूद स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। दिल्ली स्पेशल सेल ने:
17 अप्रैल को विवेक को डबरा के बंजारापुरा से उठाया।
18 अप्रैल को राजवीर को दिल्ली के सराय काले खां से दबोचा।
5 दिन की रिमांड पर आरोपी
फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके साथ क्षेत्र के और कितने युवा जुड़े हुए हैं और इनके अगले निशाने पर कौन था। इस गिरफ्तारी के बाद से ग्वालियर और डबरा क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
