जयपुर/ग्वालियर: पिंक सिटी जयपुर के मालवीय नगर इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पैदल जा रही गर्भवती महिला के साथ अश्लील हरकत करने वाला आरोपी ग्वालियर का कुख्यात बदमाश राहुल गुर्जर निकला है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्थान पुलिस की SIT अब उसकी तलाश में मध्य प्रदेश के ग्वालियर पहुंच चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 26 मार्च की है, जब मालवीय नगर (जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र) में एक युवक ने पीछे से आकर गर्भवती महिला के साथ छेड़छाड़ की। आरोपी ने विरोध करने पर महिला को पत्थर से डराने की भी कोशिश की। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस की लापरवाही: 2 जवान सस्पेंड
जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल गुर्जर को पहले थाने बुलाया गया था, लेकिन पुलिस ने उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया। इस गंभीर लापरवाही पर एक्शन लेते हुए जयपुर पुलिस ने प्रधान आरक्षक अंगदराम मीणा और ड्यूटी ऑफिसर महेश चंद्र को तुरंत प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।
कौन है आरोपी राहुल गुर्जर?

अपराधिक रिकॉर्ड: राहुल मूल रूप से ग्वालियर के सरसपुरा गांव का रहने वाला है। उस पर ग्वालियर में पहले से ही हत्या के प्रयास (307), लूट, और अवैध हथियार तस्करी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
स्पा सेंटर कनेक्शन: जयपुर में वह लंबे समय से रह रहा था और सांगानेर व मालवीय नगर में दो स्पा सेंटर से उसके तार जुड़े होने की बात सामने आई है।
अवैध गतिविधियां: वह पूर्व में रेत खदान और अन्य अनैतिक गतिविधियों में भी शामिल रहा है।
SIT की कार्रवाई
एएसपी अनु बेनीवाल के अनुसार, आरोपी की पहचान पुख्ता हो चुकी है। जयपुर पुलिस की एक विशेष टीम (SIT) ग्वालियर में उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
