पोरसा (मुरैना):
रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। मुरैना जिले के पोरसा क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने अपने प्रेम संबंध में बाधा बन रहे अपने ही माता-पिता को रास्ते से हटाने के लिए उन्हें जहर देकर मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली।
क्या है पूरी घटना?
यह सनसनीखेज मामला 29 मार्च की रात का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पोरसा क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की का सुदामा कड़ेरा नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब माता-पिता को इस अवैध संबंध की भनक लगी, तो उन्होंने बेटी पर पाबंदी लगा दी और उसे युवक से मिलने और बात करने से सख्ती से मना किया।
चूहा मार दवा से रची मौत की साजिश
पिता की रोक-टोक और प्रेमी से दूर रहने की हिदायत लड़की को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने ही माता-पिता को खत्म करने का फैसला कर लिया। साजिश के तहत प्रेमी सुदामा बाजार से ‘चूहा मार दवा’ (जहर) की पुड़िया लेकर आया। प्रेम में अंधी लड़की ने रात के खाने में वह जहर मिला दिया और अपने माता-पिता को परोस दिया।
अचानक बिगड़ी तबीयत, ग्वालियर रेफर
जहरीला खाना खाने के कुछ ही देर बाद माता-पिता की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने लगी। घर में मची अफरा-तफरी के बीच परिजनों ने उन्हें तुरंत पोरसा अस्पताल पहुँचाया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें पहले मुरैना और फिर ग्वालियर रेफर किया गया। डॉक्टरों की कड़ी मशक्कत के बाद फिलहाल दोनों की जान बच गई है।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
शुरुआत में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा था, लेकिन जब कड़ियाँ जुड़ीं तो इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
